रिपोर्ट :- सोनू सुमित (चीफ एडिटर जनता बिहार न्यूज़)
सुपौल/ बिहार के अररिया जिले में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा पंचायत को गहरे सदमे में डाल दिया है। बहन की शादी का तिलक देकर स्कॉर्पियो से घर लौट रहे छह युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा अररिया जिले के बीड़ी पुल पर हुआ।
स्कॉर्पियो में सवार थे सात लोग, छह की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में ड्राइवर सहित कुल सात लोग सवार थे। सभी बहन की शादी का तिलक देने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अररिया जिले के बीड़ी पुल के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति के बचने की जानकारी सामने आई है।
मृतकों में शामिल हैं ये छह युवक
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मुन्ना कुमार, आर्यन कुमार, आदित्य कुमार, सौरभ कुमार, कुंदन कुमार और यस कुमार के रूप में बताई गई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक 20 वर्ष से कम उम्र के थे।
सुपौल के थुमहा पंचायत में पसरा मातम
एक साथ छह युवकों की मौत की खबर से सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में शादी की खुशियों को लेकर तैयारियां और उत्साह था, वहां इस हादसे ने गम का माहौल बना दिया है।
बहन की शादी के लिए तिलक की रस्म पूरी कर घर लौट रहे युवकों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जनता बिहार न्यूज़ इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करता है और दिवंगत युवकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता है।








