सुपौल (बिहार): सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां झाड़ी में एक दिन की नवजात बच्ची मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। बच्ची को देखने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए प्रतापगंज थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रतापगंज थाना पुलिस और ग्रामीणों की मदद से नवजात बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), प्रतापगंज पहुंचाया गया। वहां सीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद कुमार सिंह की देखरेख में बच्ची का प्राथमिक उपचार किया गया।
थानाध्यक्ष रोशन कुमार और स्वास्थ्य विभाग ने दिखाई तत्परता
थानाध्यक्ष रोशन कुमार तथा सीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद कुमार सिंह की पहल पर नवजात बच्ची को आगे की देखभाल और सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन, सुपौल के जिला समन्वयक अभिनंदन कुमार एवं सुपरवाइजर प्रीति कुमारी को सौंप दिया गया।
बताया गया कि यह हेल्पलाइन समाज कल्याण विभाग की जिला बाल संरक्षण इकाई, सुपौल के माध्यम से संचालित होती है।
बाल कल्याण समिति को सौंपी गई देखभाल की जिम्मेदारी
प्राथमिक उपचार के बाद नवजात बच्ची की आगे की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसे बाल कल्याण समिति, सुपौल के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बच्ची की देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित विभाग को सौंप दी गई है, ताकि उसे सुरक्षित वातावरण और आवश्यक संरक्षण मिल सके।
इस पूरे मामले में स्थानीय ग्रामीणों, प्रतापगंज थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता सराहनीय रही। समय रहते बच्ची को अस्पताल पहुंचाने और बाल संरक्षण इकाई तक पहुंचाने से उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया।
जनता बिहार न्यूज़ | बिहार एवं पैन इंडिया की खबरों के लिए जुड़े रहें।








